अमित शाह ने हरिद्वार से फूंका चुनावी बिगुल
गृह मंत्री अमित शाह ने खुद उत्तराखंड में तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाए जाने का आह्वान किया है। वो भी हरिद्वार से जिसे उत्तराखंड का प्रवेश द्वार कहा जाता है। बता दें हरिद्वार प्रदेश का वो हिस्सा है जो पहाड़ी और मैदानी दोनों क्षेत्रों की नब्ज़ को एक साथ जोड़ता है। माना जा रहा है हरिद्वार में अमित शाह की गूंज का सीधा असर उत्तराखंड की जनता पर पड़ेगा।
रामपुर तिराहे की घटना का किया जिक्र
जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ को देख अमित शाह गदगद हो उठे। शाह ने कहा मैं उत्तराखंड की जनता को बताने आया हूं कि उत्तराखंड अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता था। शाह ने उत्तराखंड की संस्कृति और रामपुर तिराहे की घटना का जिक्र कर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। शाह ने कहा कांग्रेस के विद्वान कहते थे छोटे राज्य में विकास कैसा होगा। लेकिन आज हकीकत आपके सामने हैं।
आंदोलनकारियों के साथ हुई बर्बरता को दिलाया याद
भले ही आज का कार्यक्रम धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित हुआ हो। लेकिन भाजपा ने विपक्ष को साफ मैसेज दे दिया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल कर बीजेपी सरकार 3.0 बनाना। तभी तो गृह मंत्री शाह ने कार्यक्रम में आए डेढ़ लाख लोगों को संबोधित कर उत्तराखंड के राज्य गठन के दौर को याद कर आंदोलनकारियों के साथ हुई बर्बरता को लेकर निशाना विपक्ष पर साध दिया।
नेताओं को एक ही मंच पर लेकर दिया एकजुटता का संदेश
कार्यक्रम के जरिए गृह मंत्री अमित शाह ने बीजेपी नेताओं को एक मंच पर लाकर पार्टी में एकजुटता का भी संदेश दिया और पार्टी के अंदर चल रही गुटबाज़ी की खबरों पर भी ब्रेक लगा दिया। गृह मंत्री ने सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कामों की तारीफ करते हुए उनकी पीठ को थपथपाया। शाह ने मंच से NRC का ना सिर्फ जिक्र किया बल्कि पांच लोगों को भारत की नागरिकता का प्रमाण पत्र भी दिया।
कांग्रेस सरकार में बिना पर्ची और खर्ची के नौकरी मिलती: शाह
गृह मंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज राज्य में पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी जा रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि अगर कांग्रेस की सरकार होती तो क्या युवाओं को बिना पर्ची और खर्ची के नौकरी मिल पाती। इस मौके पर उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पीठ भी थपथपाई और राज्य में लागू किए गए नकल विरोधी कानून की सराहना की। साथ ही यूसीसी लागू करने के फैसले पर भी धामी सरकार को बधाई दी।
सीमांत गांवों में भी तेजी से किए जा रहे विकास कार्य
अमित शाह ने कहा कि पिछले दस वर्षों में केंद्र सरकार ने उत्तराखंड को लगभग पौने दो लाख करोड़ रुपए की योजनाएं दी हैं। सीमांत गांवों के विकास पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि सीमा से लगे गांवों को अब आखिरी नहीं बल्कि पहला गांव माना जा रहा है और वहां तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने डेमोग्राफी परिवर्तन के मुद्दे पर भी चिंता जताई और कहा कि जहां-जहां घुसपैठिए हैं, उन्हें चिन्हित कर एक-एक कर बाहर किया जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बंगाल और तमिलनाडू में भी भाजपा की सरकार बनेगी।
अमित शाह ने मांगा उत्तराखंड की जनता से तीसरा मौका
गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन के अंत में अमित शाह ने उत्तराखंड की जनता से अपील करते हुए कहा कि राज्य के विकास की रफ्तार को और तेज करने के लिए भाजपा को तीसरा मौका दीजिए। उन्होंने भरोसा जताया कि 2027 में एक बार फिर उत्तराखंड में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार बनेगी।