उद्यान घोटाले को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने की प्रेसवार्ता
सीबीआई जांच क्यों रोकना चाहते थे मंत्री गणेश जोशी:रघुनाथ सिंह नेगी Dehradun । विकास नगर में जन संघर्ष मोर्चा कार्यालय पर अध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया। जिसमें उन्होंने बीते वर्ष उद्यान विभाग में हुए करोड़ों रुपया घोटाला मामले में भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी का मा. उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ मा. सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर करवाना बहुत बड़ी साठ गांठ की तरफ इशारा करने की बात कही। नेगी ने कहा कि मा. उच्च न्यायालय द्वारा दिनांक 11.10.2023 को उक्त घोटाले की सीबीआई जांच के निर्देश देने के बाद उच्च अधिकारियों सहित विभागीय मंत्री गणेश जोशी की नींद उड़ गई। तथा उन्होंने अपने करीबी निदेशक डॉक्टर बवेजा एवं अन्य भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए एसएलपी दायर किए जाने का कोई ठोस आधार न होते हुए भी माननीय सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर की। इस खेल में उद्यानिकी से जुड़े किसानों को बड़ी मात्रा में छलने का काम किया गया। कहा कि उच्च न्यायालय ने सरकार की जांच एजेंसी एसआईटी जांच के बजाय सीबीआई जांच के आदेश दिए तो सीबीआई जांच क्यों रोकना चाहते थे मंत्री गणेश जोशी। नेगी ने कहा कि पूरे मामले में मंत्री ने पहले सरकार को गुमराह कर भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए उच्चतम न्यायालय में एसएलपी दाखिल करवाना उचित नहीं है। सरकार को ऐसे भ्रष्टाचार पर शिकंजा कसने का काम करने के साथ ही मंत्री गणेश जोशी को उनके पद से हटा देना चाहिए।

