दून में दो घंटे पार्किंग फ्री, राज्य आंदोलनकारियों का हाउस टैक्स में छूट: पोखरियाल

0
37

भ्रष्टाचार के दोषियों से की जायेगी रिकवरीः पोखरियाल

मेयर प्रत्याशी विरेंद्र पोखरियाल ने वरिष्ठ नेताओं के साथ जारी किया हमारी प्राथमिकताएं, हमारे संकल्प

देहरादून। दून नगर निगम में कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी विरेन्द्र पोखरियाल सहित वरिष्ठ नेताओं ने संकल्प पत्र को जारी करते हुए अपनी प्राथमिकतायें गिनाई है। उन्होंने कहा कि दून शहर में दो घंटे तक के समय के लिए पार्किंग फ्री की जाएंगी। राज्य आंदोलनकारियों को हाउस टैक्स में दूट दी जाएगी। कहा कि 20 सूत्रीय संकल्प पत्र के अनुसार ही काम किया जाएगा। साथ ही नगर निगम में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराई जाएगी और दोषियों से धनराशि की रिकवरी भी की जायेगी।
कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में मंगलवार को संकल्प पत्र जारी करते हुए पत्रकारों से मेयर प्रत्याशी विरेंद्र पोखरियाल ने कहा कि सभी चिन्हित राज्य आंदोलनकारियों का गृह कर माफ किया जाएगा। निगम की पार्किंग में निःशुल्क पार्किंग सुविधा प्रदान की जायेगी। दून शहर का मेगा मास्टर प्लान बनाकर नगर निगम क्षेत्र का संयोजित समग्र एवं सतत विकास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विकेंद्रीकरण करते विकास योजनाओं में जन भागीदारी सुनिश्चित करना तथा प्रशासनिक वर्ग की जिम्मेदारी को सुनिश्चित करते हुए सक्रिय नेतृत्व कराए और जनता के द्वारा सिद्धांत पर योजनात्मक क्रियान्वयन किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि देहरादून नगर निगम के घाटे के बजट को आने वाले पांच वर्षों में लाभ का बजट बनाकर कर प्रणाली के भ्रष्टाचार को समाप्त कर इसे सुदृढ़ करेंगे। नगर निगम में राजस्व हेतु वैकल्पिक स्रोतों का सृजन किया जायेगा। मलिन बस्तियों का नियमितीकरण मालिकाना हक, सुरक्षा एवं आवश्यक जन सुविधाओं को उपलब्ध कराते हुए सचल चिकित्सा सेवा द्वारा त्वरित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि सामाजिक समस्याओं जैसे अतिक्रमण, यातायात जाम, खराब ट्रैफिक लाइट, बंद पड़े बस स्टॉप आदि के लिए नागरिक, व्यापारिक वर्ग, शासन एवं जिला प्रशासन के मध्य संयोजित समन्वय स्थापित करते हुए समाधान तथा नवोन्मेषी विकास की योजनायें एवं अवसर सृजित कर उनका समयबद्ध क्रियान्वयन किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सड़कों, रास्तों, पुलिया एवं पुलों का निर्माण एवं रखरखाव, मार्गदर्शन चिन्ह एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाना सुरक्षित पैदल मार्ग एवं एंबुलेंस कॉरिडोर का निर्माण किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि जलभराव की समस्या के निस्तारण के लिए वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं उच्च तकनीकी का प्रयोग करते हुए जल भराव की समस्या से निजात दिलाने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि ठेली एवं फड़ व्यापारियों का पंजीकरण तथा शहर में विशिष्ट वेंडिंग जोन का निर्माण करना उनकी प्राथमिकता में है। सामाजिक सुरक्षा प्रतिस्थापित करते हुए ट्रैफिक जाम को समस्या का निस्तारीकरण के काम होंगे।
उन्होंने कहा कि नगर स्वच्छता के लिए कूड़ा प्रबंधन को वैज्ञानिक तरीके कूडा निस्तारण से जोड़कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण सुनिश्चित करते हुए कूडे से जैविक ऊर्जा उत्पादन प्रारंभ किया जायेगा। हरित दून स्वच्छ दून के सपने को साकार करते हुए प्रति वर्ष ढाई लाख पौधरोपण, नगर सौन्दर्यीकरण के लिए पार्क निर्माण कर दून को अपने पुराने स्वरूप में संवर्धित करने का काम किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि सभी सार्वजनिक स्थलों पर शुलभ शौचालयों का उचित रखरखाव एवं जहां आवश्यक हो नवीन शौचालयों का निर्माण। पलटन बाजार जैसे भीड़ भरे बाजारों में महिला अनुकूलित हाईटैक शौचालय स्थापित किए जाएंगे। उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवा संस्थाओं द्वारा बस्तियों एवं अपनाकर जन-जन तक स्वास्थ्य जागरूकता, परीक्षण एवं त्वरित इलाज के लिए विशेष शिविर आयोजित किये जायेंगें और इन्दिरा अम्मा कैन्टीन, जन औषधि केंद्र, पेड पार्किंग स्थल, मलिन बस्तियों में डिस्पेंसरी, आदि जन सुविधाओं की संचालन व्यवस्था में स्थानीय युवाओं व महिलाओं को प्राथमिकता दी जायेगी।
इस अवसर पर पत्रकार वार्ता में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य गुरदीप सिंह सप्पल, पूर्व मंत्री डाक्टर हरक सिंह रावत, शूरवीर सिंह सजवाण, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा, राजेन्द्र शाह, महानगर अध्यक्ष डाक्टर जसविन्दर सिंह गोगी, संजय शर्मा, ओम प्रकाश सती, राकेश नेगी, मदन लाल, अजय सूद समेत अन्य मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here