वरिष्ठ राजनेता त्रिवेंद्र सिंह पंवार के निधन पर धस्माना ने जताया गहरा शोक
धस्माना ने राज्य सरकार से मांग की कि सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और इन हादसों को रोकने के लिए प्रभावी नीतियां बनाई जाएं।
देहरादून: प्रदेश के वरिष्ठ राजनेता और उत्तराखंड राज्य निर्माण आंदोलन के अग्रणी नेता त्रिवेंद्र सिंह पंवार की सड़क हादसे में असामयिक मृत्यु ने समूचे राज्य को शोक में डुबो दिया है। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के पूर्व अध्यक्ष और राज्य आंदोलनकारी पंवार का कल देर रात हुए सड़क हादसे में निधन हो गया। उनके निधन पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पंवार का जाना न केवल उक्रांद बल्कि पूरे राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने अपने जीवन को उत्तराखंड के सरोकारों और जनहित के मुद्दों के लिए समर्पित किया था।
धस्माना ने प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “प्रदेश में सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं और निर्दोष लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। सरकार और पुलिस के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं और जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कार्यवाही दिखाई नहीं दे रही। यह सिस्टम की विफलता को दर्शाता है।”
धस्माना ने राज्य सरकार से मांग की कि सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और इन हादसों को रोकने के लिए प्रभावी नीतियां बनाई जाएं।


