वायरल वीडियो पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन और जनमानस में भ्रम फैलाने वाला है: MDDA

गज़ीबो को आम जनमानस के बैठने, विश्राम और सेल्फी पॉइंट के रूप में और अधिक उपयोगी बनाया जाएगा: MDDA 

भ्रामक वीडियो पर एमडीडीए का खंडन, दिलाराम चौक पर बना गज़ीबो हटाया नहीं, स्मार्ट सिटी सौंदर्यीकरण कार्य के चलते किया जा रहा है स्थानांतरित

सरकारी धन का न तो दुरुपयोग हुआ है और न ही किसी प्रकार की तोड़फोड़ की जा रही है: MDDA 

देहरादून। मसूरी–देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) के संज्ञान में आया है कि सोशल मीडिया पर एक भ्रामक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें यह दिखाया गया है कि MDDA द्वारा दिलाराम चौक पर बनाए गए गज़ीबो को तोड़ा जा रहा है। वीडियो में यह दुष्प्रचार भी किया जा रहा है कि सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ है और हाल ही में निर्मित गज़ीबो को बिना कारण ध्वस्त किया जा रहा है। वीडियो पूर्णतः भ्रामक, तथ्यहीन और जनमानस में भ्रम फैलाने वाला है। वास्तविक स्थिति इसके पूर्णतः विपरीत है। दिलाराम चौक क्षेत्र में स्मार्ट सिटी परियोजना द्वारा व्यापक स्तर पर चौक सौंदर्यीकरण एवं पुनर्विकास कार्य किया जा रहा है। इसी कारण, MDDA ने वहां स्थापित गज़ीबो को हटाने का निर्णय नहीं लिया है, बल्कि इसे नियमानुसार स्थानांतरित किया जा रहा है।

MDDA ने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्यों से प्रभावित होने के कारण गज़ीबो को सुरक्षित रूप से हटाकर राजपुर पार्क में स्थापित किया जाएगा। यहां इसे आम जनमानस के बैठने, विश्राम और सेल्फी पॉइंट के रूप में और अधिक उपयोगी बनाया जाएगा। MDDA स्पष्ट करता है कि सरकारी धन का न तो दुरुपयोग हुआ है और न ही किसी प्रकार की तोड़फोड़ की जा रही है। यह सिर्फ स्थानांतरण की प्रक्रिया है, जो भविष्य के विकसित शहरी स्वरूप के अनुरूप है। MDDA आम जनता से अपील करता है कि भ्रामक वीडियो और अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी जानकारी की पुष्टि आधिकारिक स्रोतों से ही करें।

उपाध्यक्ष, MDDA बंशीधर तिवारी ने कहा कि
सोशल मीडिया पर चल रहा वीडियो पूरी तरह भ्रामक है। MDDA की किसी भी संपत्ति को नष्ट नहीं किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी द्वारा किए जा रहे चौक सौंदर्यीकरण कार्यों के कारण गज़ीबो को केवल स्थानांतरित किया जा रहा है। यह गज़ीबो राजपुर पार्क में लोगों के बैठने और सेल्फी प्वाइंट के रूप में और अधिक उपयोगी होगा। हमारा उद्देश्य हर विकास कार्य में पारदर्शिता, जनसुविधा और बेहतर शहरी स्वरूप प्रदान करना है।

सचिव, MDDA मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि
वीडियो में किए गए दावे पूरी तरह निराधार हैं। गज़ीबो को सुरक्षित हटाकर राजपुर पार्क में स्थानांतरित किया जा रहा है, जहां इसे सार्वजनिक उपयोग में और बेहतर रूप में लगाया जाएगा। स्मार्ट सिटी परियोजना के चलते चौक क्षेत्र का पुनर्विकास होना प्रस्तावित है, इसलिए संरचना का स्थानांतरण आवश्यक है। प्राधिकरण जनहित और बेहतर शहरी प्रबंधन के प्रति प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *