प्रदेश राज्य निगम कर्मचारी महासंघ कार्यसमिति की आवश्यक बैठक स्थगन
संगठन ने खोया एक कर्मठ एवं संघर्षशील नेतृत्व
कर्मचारियों के हितों के लिए समर्पित रहा उनका संपूर्ण जीवन
देहरादून। दु:खद खबर, बड़े दुःख के साथ सूचित किया जाता है कि दिनांक 14 जनवरी 2026 को वन विकास निगम के प्रदेश अध्यक्ष, गिरीश नैथानी का आकस्मिक निधन हो गया। उनका इस प्रकार असमय चले जाना न केवल उनके परिवारजनों के लिए, बल्कि सम्पूर्ण संगठन, कर्मचारियों एवं सहयोगियों के लिए एक गहन आघात है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
स्वर्गीय गिरीश नैथानी एक कर्मठ, निष्ठावान एवं दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता थे। उन्होंने अपने संपूर्ण कार्यकाल में कर्मचारियों के अधिकारों, हितों एवं कल्याण के लिए निरंतर संघर्ष किया और संगठन को एकजुट, सशक्त एवं संघर्षशील बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका जीवन सादगी, ईमानदारी एवं निस्वार्थ सेवा का प्रतीक रहा है।
कर्मचारियों के हितों के लिए समर्पित रहा उनका संपूर्ण जीवन
नैथानी सदैव कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहे और उनके समाधान हेतु पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहे। उनके मार्गदर्शन में संगठन ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ हासिल कीं। उनका सौम्य स्वभाव, सरल व्यवहार और दृढ़ नेतृत्व संगठन के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके योगदान को संगठन कभी भुला नहीं सकेगा।
इस अपूरणीय क्षति से पूरा संगठन स्तब्ध एवं शोकाकुल है। राज्य निगम कर्मचारी महासंघ का प्रत्येक पदाधिकारी, सदस्य एवं कर्मचारी इस दुःख की घड़ी में शोकसंतप्त परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है। दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें एवं उनके परिवारजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।
प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रकाश राणाकोटि द्वारा पूर्व में जारी बैठक सूचना के क्रम में अवगत कराना है कि उपरोक्त अत्यन्त शोकपूर्ण परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि राज्य निगम कर्मचारी महासंघ की दिनांक 15 जनवरी 2026 को पूर्व निर्धारित प्रदेश कार्यसमिति की आवश्यक बैठक को स्थगित किया जाता है। बैठक की आगामी तिथि संगठन द्वारा शोक अवधि के पश्चात यथाशीघ्र सूचित की जाएगी।
संगठन अपने दिवंगत नेता को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता है तथा उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा हेतु निरंतर संघर्ष का संकल्प दोहराता है।


