मसूरी में अवैध निर्माणों पर एमडीडीए का बड़ा एक्शन, दो भवन किए सील

सुवाखोली और किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर प्रवर्तन कार्रवाई, नियमों के उल्लंघन पर प्राधिकरण की सख्ती बरकरार

देहरादून। मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (MDDA) ने प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ अपना अभियान और तेज करते हुए बुधवार को मसूरी क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की। प्राधिकरण की टीम ने स्वीकृत मानचित्र के विपरीत तथा बिना वैधानिक अनुमति किए जा रहे निर्माणों को सील कर स्पष्ट संदेश दिया कि विकास प्राधिकरण की अनुमति के बिना या स्वीकृत मानचित्र से हटकर किए जाने वाले निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।

एमडीडीए की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले चम्बा-टिहरी मोटर मार्ग स्थित सुवाखोली क्षेत्र में कार्रवाई की। यहां विनोद बिष्ट द्वारा स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण कार्य कराया जा रहा था। निरीक्षण में अनियमितताएं पाए जाने के बाद प्राधिकरण ने भवन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। संबंधित निर्माण में भवन उपविधियों का उल्लंघन किया गया था, जिसके चलते नियमानुसार कार्रवाई की गई। इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मसूरी के किंगरेट पिक्चर पैलेस मार्ग पर पहुंचकर सुसमा जैसवाल द्वारा कराए जा रहे अवैध निर्माण का निरीक्षण किया। जांच में निर्माण कार्य नियमानुसार न पाए जाने पर संबंधित भवन को भी सील कर दिया गया।

एमडीडीए अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माणों के खिलाफ लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी बिना स्वीकृति निर्माण या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत कार्य होने की सूचना मिल रही है, वहां तत्काल निरीक्षण कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का पालन सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि मसूरी जैसे संवेदनशील पर्वतीय क्षेत्र में सुनियोजित, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल विकास को बढ़ावा देना भी है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सीलिंग, ध्वस्तीकरण सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी बोले: कानून से ऊपर कोई नहीं, अवैध निर्माणों पर होगी लगातार कार्रवाई

मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में नियोजित एवं सुरक्षित विकास सुनिश्चित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना स्वीकृति या स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जाने वाले निर्माण न केवल भवन निर्माण नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि भविष्य में जनसुरक्षा और शहरी व्यवस्था के लिए भी चुनौती बन सकते हैं। इसलिए ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढील नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि सभी भवन स्वामी निर्माण शुरू करने से पहले आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें और स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं। एमडीडीए का प्रवर्तन अभियान आगे भी पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सीलिंग, ध्वस्तीकरण और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सचिव मोहन सिंह बर्निया ने की नियमों के पालन की अपील

प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि एमडीडीए लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रहा है और शिकायत मिलने पर तत्काल जांच की जाती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले सभी आवश्यक स्वीकृतियां प्राप्त करें तथा स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप ही निर्माण कराएं। नियमों का पालन करने से अनावश्यक कानूनी कार्रवाई से बचा जा सकता है और क्षेत्र का सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *