18 परिवार वाले गाँव बगड़तोली ने शत-प्रतिशत स्वगणना पूर्ण कर जनभागीदारी और नागरिक जागरूकता की मिसाल पेश की।
भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत द्वितीय चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है।
देहरादून। पिथौरागढ़ जनपद के ग्राम बगड़तोली ने भारत की जनगणना-2027 के अभियान में एक सराहनीय और प्रेरणादायक उपलब्धि हासिल की है। लगभग 18 परिवारों और करीब 77 लोगों की आबादी वाले इस गाँव ने शत-प्रतिशत स्वगणना पूर्ण कर जनभागीदारी और नागरिक जागरूकता की मिसाल पेश की है।
भारत की जनगणना-2027 के अंतर्गत द्वितीय चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना की प्रक्रिया संचालित की जा रही है। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए ग्राम बगड़तोली में विशेष प्रयास किए गए। गाँव की प्रगणक कलावती धरियाल ने ग्रामीणों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित किया, जबकि सुपरवाइजर मोहन चंद्र जोशी के मार्गदर्शन व सहयोग से लक्ष्य निर्धारित कर गाँव के प्रत्येक परिवार और नागरिक तक स्वगणना की प्रक्रिया पहुँचाई गई।
इस अभियान को सफल बनाने में ग्राम प्रधान राहुल कुमार, गाँव के संभ्रांत नागरिकों और समस्त ग्रामवासियों ने इसे अपना सामूहिक दायित्व मानते हुए सक्रिय सहयोग दिया। ग्रामीणों ने स्वगणना के महत्व को समझते हुए उत्साहपूर्वक भागीदारी की, जिसके परिणामस्वरूप गाँव के सभी परिवारों की स्वगणना सफलतापूर्वक पूरी हो सकी।
यह उपलब्धि केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सामूहिक संकल्प, सामुदायिक एकता और राष्ट्रीय दायित्व के प्रति जागरूकता का प्रमाण है। ग्राम बगड़तोली की यह पहल जनपद व प्रदेश के अन्य गाँवों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी.











Leave a Reply