कांग्रेस ने राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन।
कांग्रेस ने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है।
देहरादून। हल्द्वानी रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद सामने आए कथित शुद्धिकरण के मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। मामले को कई दिन बीतने के बावजूद शुद्धिकरण करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं।
इसी मामले में जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस के 16 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात की। कांग्रेस चुनाव कैंपेन कमेटी के चेयरमैन प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के सामने पूरे मामले को रखा।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि संसद में जे पी नड्डा ने भी मामले की गंभीरता को स्वीकार करते हुए जांच और कार्रवाई की बात कह चुके हैं, लेकिन प्रदेश स्तर पर मामले में अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस का आरोप है कि राजनीतिक कार्यक्रम के बाद इस तरह शुद्धिकरण किया जाना सामाजिक सौहार्द के लिए गंभीर मामला है। पार्टी ने राज्यपाल से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू किया जाएगा और अलग-अलग स्थानों पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे।










Leave a Reply