Latest Uttarakhand News

Latest Uttarakhand News

यूजीवीएन लिमिटेड की 118 वर्ष पुरानी गलोगी लघु जल विद्युत परियोजना द्वारा स्थापना के बाद से अब तक का सर्वाधिक विद्युत उत्पादन।

डॉ. सिंघल ने परियोजना के रिकार्ड उत्पादन पर समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई

गलोगी लघु जल विद्युत परियोजना की स्थापना तत्कालीन ब्रिटिश शासन काल में सन् 1907 में की गई थी

देहरादून। उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध पर्यटन स्थल मसूरी के पास स्थित यूजेवीएन लिमिटेड की गलोगी जल विद्युत परियोजना द्वारा एक शताब्दी से भी अधिक के अपनी स्थापनाकाल के बाद से अब तक का सर्वाधिक विद्युत उत्पादन किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए यूजीवीएन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप सिंघल ने बताया कि जनपद देहरादून में मसूरी मार्ग पर क्यारकुली व भट्टा गांव के बीच स्थित 3.50 मेगावाट स्थापित क्षमता की गलोगी जल विद्युत परियोजना द्वारा वित्तीय वर्ष 2024-25 में 8.075 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया है जो कि परियोजना के निर्माण के बाद से अब तक के किसी भी वर्ष का सर्वाधिक विद्युत उत्पादन है। इससे पूर्व इस परियोजना द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 में किया गया 7.96 मिलियन यूनिट किसी भी वित्तीय वर्ष का सर्वाधिक विद्युत उत्पादन था। उन्होंने कहा कि निगम द्वारा इस परियोजना को एक ऐतिहासिक धरोहर की तरह सहेजते हुए संचालन किया जाता है।

गलोगी लघु जल विद्युत परियोजना की स्थापना तत्कालीन ब्रिटिश शासन काल में सन् 1907 में की गई थी जिसका प्रमुख उद्देश्य मसूरी क्षेत्र में विद्युत एवं जल की आपूर्ति किया जाना था। उस दौर में कलकत्ता, दार्जिलिंग और शिमला के बाद संभवतः मसूरी में ही विद्युत वितरण व्यवस्था उपलब्ध थी। यह परियोजना ब्रिटिश काल में स्थापित चंद जल विद्युत परियोजनाओं में से एक है तथा इकलौती ऐसी परियोजना है जो आज भी सफलतापूर्वक विद्युत उत्पादन के साथ साथ जलापूर्ति के अपने उद्देश्यों को भी पूरा कर रही है।

डॉ. सिंघल ने परियोजना के रिकार्ड उत्पादन पर समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए अपेक्षा की कि वह भविष्य में भी इसी मनोयोग एवं समर्पण से कार्य करते हुए विद्युत उत्पादन के नए आयाम स्थापित करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *