केदारनाथ धाम में वृद्ध व असमर्थ श्रद्धालुओं के लिए की गई है अतिरिक्त डंडी-कंडी की सुविधा

 

घोड़े-खच्चरों में बढते संक्रमण के चलते जिला पंचायत की अनूठी पहल

बाबा केदार के भक्त कर रहे प्रशासन की सराहना

देहरादून। श्री केदारनाथ धाम यात्रा में विगत दो-तीन दिन से घोड़ा-खच्चरों में बढ़ रहे संक्रमण के चलते घोड़ा-खच्चरों का संचालन बंद किया गया है। धाम पहुंच रहे यात्रियों खासकर वृद्ध व असमर्थ श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत जिला पंचायत एवं जिला प्रशासन द्वारा प्रतिदिन 800 से 1000 डंडी एवं कंडी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत ने बताया कि घोडे -खच्चरों में बढ़ते संक्रमण के चलते केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग में फिलहाल उनका संचालन बंद कर दिया गया है। ऐसे में जिला पंचायत एवं जिला प्रशासन द्वारा तीर्थ यात्रियों की सुविधा हेतु प्रतिदिन 800 से 1000 श्रद्धालुओं के लिए पंजीकृत डंडी-कंडी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है ताकि वृद्ध व असमर्थ तीर्थ यात्रियों को कठिनाइयां उत्पन्न न हो। साथ ही जिला प्रशासन द्वारा पैदल यात्रा मार्ग में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त तीर्थ यात्रियों से फीडबैक भी लिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि श्री केदारनाथ में गौरीकुंड से आवश्यक खाद्य सामग्री सहित अन्य आवश्यक सामग्री के लिए 1000 डंडी एवं कंडी मजदूरों के माध्यम से पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। बताया कि वर्तमान में जिला पंचायत द्वारा 20 अलग-अलग स्थानों में डंडी-कंडी संचालकों द्वारा यात्रा प्रबंधन में अहम भूमिका निभाई जा रही है।

श्री केदारनाथ धाम यात्रा को सरल व सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन एवं जिला पंचायत द्वारा संयुक्त रूप से उपलब्ध पालकी एवं कंडी के माध्यम से तीर्थ यात्रियों के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं जो निकट भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगी। वहीं श्री केदारनाथ धाम पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं ने इस अभिनव पहल की सराहना की है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *