Latest Uttarakhand News

Latest Uttarakhand News

नगर निगम में शामिल नए वार्डों के साथ भाजपा ने किया सौतेला व्यवहार: पोखरियाल

वीरेंद्र पोखरियाल ने पिछली बार नगर निगम में शामिल किए गए नए वार्डों के विकास में अनदेखी का आरोप लगाया

पोखरियाल ने कहा कि इस बार दून की जनता देहरादून नगर निगम में बदलाव का मन बना चुकी है

देहरादून। कांग्रेस के देहरादून नगर निगम के मेयर प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल ने अपने चुनावी अभियान के दौरान सोमवार को भाजपा पर बड़ा निशाना साधा। उन्होंने पिछली बार नगर निगम में शामिल किए गए नए वार्डों के विकास में अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मेयर बनने के बाद वह व्यापक स्तर पर जनभावनाओं के अनुरूप विकास कार्य करेंगे। विकास कार्यों में नए वार्डों को प्राथमिकता दी जाएगी। नए वार्डों में हमें अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान बड़े पैमाने पर जनसमर्थन मिल रहा है। पोखरियाल ने कहा कि इस बार दून की जनता देहरादून नगर निगम में बदलाव का मन बना चुकी है और यह बदलाव की शुरूआत भी दून में शामिल हुए नए वार्डों से ही होगी।

सोमवार को मेयर प्रत्याशी वीरेंद्र पोखरियाल ने देहरादून के रांझावाला, रायपुर, तुनवाला, मियांवाला, मोहकपमुर, डोभला चौक, नेहरू ग्राम, लाडपुर, पुलिया नंबर छह और ननूरखेड़ा में जनसंपर्क करने के साथ ही पार्षद प्रत्याशियों के साथ जनसभाओं को संबोधित किया। नगर निगम में शामिल हुए नए वार्डों को लेकर उन्होंने भाजपा पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा ने सिर्फ वोट बैंक के लिए नए वार्डों का इस्तेमाल किया। इनके विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया। नगर निगम के संसाधन तक नहीं बढ़ाए। इन वार्डों की लगातार उपेक्षा हुई और कहीं कोई सुनवाई नहीं की गई। यहां सड़कें टूटी पड़ी हैं। स्ट्रीट लाइटें तक नहीं लग पाई हैं। नालियां तक साफ नहीं हो रही हैं। नए वार्डों में घरों से नियिमत कूड़ा तक नहीं उठ रहा है। इन इलाकों में काम करवाने के लिए नगर निगम के पास कर्मचारी तक नहीं है। हमारे विजन में यह सब बातें हैं और नए वार्डों की जो अनदेखी भाजपा शासनकाल में हुई है, उसको दूर किया जाएगा। इन वार्ड के निवासियों को विकास की समुचित सुविधा प्रदान की जायेगी। सबसे पहले नए वार्डों के लिए सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था की जाएगी। स्ट्रीट लाइटें भी प्राथमिकता के आधार पर लगाई जाएंगी। पोखरियाल ने कहा कि सामूहिक प्रयास से बढ़ते ट्रैफिक और प्रदूषण को कम करने के प्रयास किए जाएंगे। हम दून की हरियाली को लौटने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

पोखरियाल ने सोमवार को आर्डिनेंन्स फैक्ट्री रायपुर भी गए और यहां कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच जनसम्पर्क किया और दून के समुचित विकास के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
सोमवार को जनसंपर्क अभियान के दौरान पोखरियाल के साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, मंत्री प्रसाद नैथानी, महेंद्र सिंह नेगी गुरुजी, अभिनव थापर, अनिल क्षेत्री, विनीत प्रसाद भट्ट, मदन लाल, सौरभ ममगांई, महावीर सिंह रावत, सूरत सिंह नेगी, सिद्धार्थ पोखरियाल, सिद्धार्थ रमोला समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *