Latest Uttarakhand News

Latest Uttarakhand News

स्तन कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन, 70 महिलाओं की हुई जांच

कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन द्वारा स्तन कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया

गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

देहरादून। कैन प्रोटेक्ट फाउंडेशन द्वारा आज देहरादून कैंट स्थित भारतीय सेना, शिवालिक ब्रिगेड में स्तन कैंसर जागरूकता एवं निःशुल्क जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर 70 महिलाओं की स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की गई तथा उन्हें स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

शिविर के दौरान महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रारंभिक लक्षण, संभावित जोखिम कारक तथा नियमित जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। विशेषज्ञों ने स्वयं स्तन परीक्षण की सही विधि समझाई और महिलाओं को इसे नियमित रूप से अपनाने के लिए प्रेरित किया।

साथ ही गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बचाव के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं को पैप स्मीयर जांच, एचपीवी टीकाकरण तथा समय पर स्क्रीनिंग के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। बताया गया कि नियमित पैप स्मीयर जांच से गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव है और इसकी प्रभावी रोकथाम की जा सकती है।

संस्था की अध्यक्ष एवं महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमिता प्रभाकर ने अपने संदेश में कहा कि स्तन कैंसर के संदर्भ में प्रारंभिक पहचान अत्यंत महत्वपूर्ण है। स्वयं स्तन परीक्षण, नियमित मैमोग्राफी और समय पर चिकित्सकीय परामर्श से बीमारी को शुरुआती चरण में पहचाना जा सकता है, जिससे उपचार की सफलता की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि गर्भाशय ग्रीवा कैंसर की रोकथाम नियमित पैप स्मीयर जांच और टीकाकरण के माध्यम से संभव है।

इस अवसर पर संस्था द्वारा “रूट ऑफ अवेयरनेस” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण भी किया गया। अभियान के तहत अर्जुन, नीम और जामुन के पौधे लगाए गए। संस्था ने इसे जागरूकता के साथ पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।

कार्यक्रम के संचालन में डॉ. रेखा एवं सिस्टर मालती का महत्वपूर्ण योगदान रहा। संस्था ने भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता, जांच एवं सामाजिक अभियानों को निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *