Latest Uttarakhand News

Latest Uttarakhand News

CM धामी के कार्यक्रम में हंगामा: माइक बंद होते ही आगबबूला हुए विधायक, गाली-गलौच कर काटा हंगामा

CM धामी के कार्यक्रम में हंगामा

माइक बंद होते ही आगबबूला हुए विधायक हरीश धामी

कार्यक्रम में जमकर की तोड़फोड़

हरीश धामी ने मंच से सीएम धामी को दी खुली चुनौती

देहरादून। उत्तराखंड पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में शनिवार को कांग्रेस विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के जाने के बाद विधायक ने अपने समर्थकों के साथ मंच पर तोड़फोड़ शुरू कर दी।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को पिथौरागढ़ दौरे पर थे। सीएम ने इस दौरान सीमांत क्षेत्र में काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। साथ ही जिले को 102.72 करोड़ की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। सीएम के कार्यक्रम से जाने के बाद स्थानीय विधायक हरीश धामी मंच पर चढ़े और माइक थामकर बोलने लगे। इसी दौरान उनके माइक का ऑडियो बंद हो गया। इसके बाद वो साउंड वालों की ओर दौड़ पड़े।

विधायक हरीश धामी ने माइक बंद करने वालों के साथ गाली गलौच कर धक्का मुक्की भी की। विधायक का आरोप है कि उनसे मेले की अध्यक्षता कराई गई, लेकिन उन्हें बोलने तक का मौका नही दिया। जिसके चलते विधायक और उनके समर्थक आग बबूला हो गए और कार्यक्रम स्थल में जमकर बवाल काटा। विधायक ने मंच पर चढ़कर कहा कि ‘मुख्यमंत्री जी मैं आपको पहले से जानता था आज देख भी लिया। आपने यहां के लोकल विधायक की बात सुने बगैर कार्यक्रम खत्म कर दिया।

विधायक के इतना कहते ही साउंड वालों ने माइक का ऑडियो बंद कर दिया। इसके बाद विधायक भड़क गए और साउंड सिस्टम वालों की ओर दौड़ पड़े। विधायक और उनके समर्थकों ने कार्यक्रम में जमकर तोड़फोड़ की। साथ ही लोगों से मारपीट तक की। इसके बाद वो दोबारा मंच पर चढ़े और माइक लेकर धामी सरकार पर बरस पड़े। 10 मिनट तक सरकार के खिलाफ अपनी बातें कहने के बाद विधायक ने तोड़फोड़ और हंगामे के लिए जनता से माफी मांगी।

कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खुली चुनौती दी। विधायक ने कहा कि अगर उनकी पार्टी उन्हें 2027 में एक और मौका देती है, तो वह उसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे जहां से पुष्कर सिंह धामी लड़ते हैं। उन्होंने आगे कहा कि वह उस क्षेत्र में प्रचार करेंगे ताकि मुख्यमंत्री की हार पक्की हो सके। विधायक ने यह भी कहा कि 2027 के बाद मुख्यमंत्री को ऐसे मंच पर फिर कभी नहीं देखा जाएगा। धामी ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने जोर-जबरदस्ती गुंडागर्दी का सहारा लिया, तो उनसे बड़ा गुंडा कोई और नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *