Latest Uttarakhand News

Latest Uttarakhand News

UPCL कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी राहत, अब HR के काम के लिए नहीं लगाने पड़ेंगे दफ्तरों के चक्कर

 

कर्मचारियों के लिए तैयार होगा स्पेशल HR प्लान।

गैर-सरकारी और आम लोगों को इंश्योरेंस कवर देने की तैयारी।

अब वीडियो कॉल से मिलेगा शटडाउन।

गलत जानकारी से होने वाले हादसों पर लगेगी रोक।

Dehradun। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) अपने कर्मचारियों की सुविधाओं और सुरक्षा को लेकर कई नई पहल करने जा रहा है। कर्मचारियों के HR से जुड़े कामों को आसान बनाने के लिए स्पेशल HR प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके लागू होने के बाद कर्मचारियों को HR से जुड़े कार्यों के लिए बार-बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

यूपीसीएल के एमडी पीसी ध्यानी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि कर्मचारियों को HR से संबंधित सुविधाएं आसान तरीके से उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्लान तैयार किया जा रहा है। प्लान लागू होने के बाद कर्मचारियों को अपनी HR संबंधी जरूरतों के लिए अलग-अलग कार्यालयों में जाने की जरूरत कम होगी।

बिजली की लाइनों के संपर्क में आने से होने वाले हादसों को देखते हुए यूपीसीएल एक और अहम योजना पर काम कर रहा है। इसके तहत बिजली लाइनों से जुड़े हादसों में घायल होने वाले गैर-सरकारी कर्मचारियों और आम लोगों को भी आर्थिक सुरक्षा देने के लिए इंश्योरेंस कवर की व्यवस्था किए जाने पर विचार किया जा रहा है।

बिजली लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए यूपीसीएल एक और बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब बिजली की लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों को वीडियो कॉल के माध्यम से शटडाउन लेने की व्यवस्था की जाएगी। यानी लाइन पर काम शुरू करने से पहले संबंधित कर्मचारी वीडियो कॉल के जरिए शटडाउन की स्थिति की पुष्टि करेंगे। काम पूरा होने के बाद भी वीडियो कॉल के माध्यम से ही लाइन को दोबारा चालू करवाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

UPCL के मुताबिक, कई बार बिजली लाइनों पर काम करने वाले कर्मचारियों को शटडाउन या लाइन की स्थिति को लेकर गलत जानकारी मिलने के कारण हादसों का सामना करना पड़ता है। ऐसे हादसों को रोकने के लिए वीडियो कॉल के जरिए शटडाउन और लाइन दोबारा चालू करने की व्यवस्था को प्रभावी सुरक्षा उपाय के तौर पर लागू करने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *